स्नेह भेंट

“सूरज न बन पाए तो दीपक बन के जलता चल, फूल मिले या अंगारे सच की राहों पर चलता चल, सच की राहों पे चलता चल… प्यार दिलों को देता है , अश्कों को दामन देता है, जीना उसका जीना है जो औरों को जीवन देता है।”

पृष्ठभूमि में बजते गाने की इन पंक्तियों को सुनकर, दिवाली की सफाई करते – करते अचानक से मान्या का हाथ ठहर गया और आँखों की कोरें भींग गयी। सचमुच, ज़िन्दगी में कुछ लोग एक दीपक की तरह ही होते हैं जो खुद जलकर भी अपनी रोशनी से दूसरों को रौशन करते हैं, खुद भले ही बुझ जाएं पर अपने हिस्से की रौशनी दूसरों को देने में जरा सी भी कोताही नहीं करते। पता नहीं कहाँ से इतनी शक्ति, इतना समर्पण भाव लाते हैं और स्नेह तो इतना कि परायों को भी अपना बना लें। कुछ ऐसी ही थीं चंदा मामी।

शादी के बाद जब एक लड़की नए घर में आती है तो दो तरह के लोग उसे जीवन भर याद रहते हैं – एक वो  जो इस परिवर्तन, इस सामंजस्य में प्यार से उसका हाथ पकड़ते हैं , एक मार्गदर्शक की तरह और दूसरे वो जो अपने ही पूर्वाग्रहों से ग्रसित होते हैं और एक नए रिश्ते को न तो सच्चे मन से स्वीकार कर पाते हैं और न ही संवार पाते हैं। और बस इसी तरह के दोनों भाव, जो वो महसूस करती है, उसके भविष्य के सारे रिश्तों की नींव रख देते हैं।

चंदा मामी एक स्नेह भरी छाया थीं, जिनके पास आकर हर किसी को सुकून मिलता था।एक शुद्ध ,निस्वार्थ आत्मा जिन्होंने अपने सारे रिश्ते उसी निष्ठा,कर्मठता और ईमानदारी के साथ निभाए जितनी ईमानदारी के साथ उन्होंने अपने  शिक्षक होने का कर्त्तव्य। बस खुद के साथ रिश्ता निभाने या खुद का ध्यान रखने में ही जरा बेईमानी कर जाती थीं वो। मान्या बहुत ज्यादा नहीं मिल पाती थी उनसे, बस जब कभी ससुराल जाना हो तो गाहे – बगाहे मिलना हो जाता था पर हर एक छोटी सी मुलाकात हर बार उसे उनके और करीब लाती थी। फिर चाहे उनके घर चाय- नाश्ता, खाना हो या उनकी स्कूटी पर बैठकर दरजी के पास जाना, कभी कभी फ़ोन पर थोड़ी बहुत सुख दुःख की बातें हो या कि किसी सामूहिक उत्सव में मिलना  या फिर रोज़मर्रा की चिट पुट बातें करना, सब कुछ कितना सामान्य पर उनके स्नेहिल स्वभाव के कारण यही सब कुछ खास बन जाता था, बहुत सहज लगता था।परायों को भी अपना मानकर उनके साथ एक स्नेहिल रिश्ता कायम कर लेना हर किसी के वश में नहीं होता।

और एक बात तो उसे भूले नहीं भूलती , शादी के कुछ सालों बाद, जब मानव की नौकरी के कारण अमेरिका आने का कार्यक्रम बना तो सभी रिश्तेदार मिलने आये,तरह तरह की बातें हुई, हिदायतें दी गयी कि विदेश जाकर अपनी सभ्यता मत भूल जाना, बच्चे तो विदेशी ही बन जायेंगे और भी पता नहीं क्या क्या। सबसे पीछे चंदा मामी खड़ी थीं अपनी उसी सहज, सरल मुस्कराहट के साथ, जब सब चले गए तो धीरे से मान्या के पास आकर बैठीं और अपने पर्स से अख़बार के कागज़ में लिपटी हुई एक तस्वीर निकाल कर उस के हाथ में रख दी । मान्या ने प्रश्न भरी निगाहों से देखा तो बोली – “बेटा, मेरे पास तुम्हें देने को और कुछ नहीं है, ये शिवजी दे रही हूँ , इन्हें  मैंने अपनी १४ साल की पूजा और भक्ति से सींचा है।इसे आशीर्वाद समझकर ले जाओ, भगवान करे तुम सब परदेस में सुरक्षित रहो, स्वस्थ रहो, तुम्हे सफलता मिले और एक दूसरे का साथ हमेशा बना रहे। बस एक वादा करो कि तुम हमेशा इनकी पूजा करोगी , इन्हें बिना पूजा के नहीं रखोगी। ”

मान्या ने भीगी आँखों से उन्हें हाँ कहा, इस निश्छल, स्नेह भरी भेंट के बाद कुछ कहने सुनने को बचा भी नहीं था, एक दूसरे को गले लगाने के सिवाय।और सचमुच आज तक इतना आत्मिक तोहफ़ा उसे और किसी ने नहीं दिया।

उसके बाद कई साल पंख लगाकर उड़ गए, एक नयी जगह में पैर ज़माने, बच्चों को बड़ा करने और खुद के काम में सामंजस्य करना – बस इन्ही सबके बीच ज़िन्दगी अपनी रफ़्तार से चलती रही।लेकिन शिवजी को घर के मंदिर में स्थापित करके उनकी रोज़ पूजा करने का अपना वादा मान्या कभी नहीं भूली। इस दौरान जीवन में कई उतार चढ़ाव भी आये, परेशानियां भी आयी पर शायद चंदा मामी के आशीर्वाद और भक्ति का ही प्रताप था जो कठिनाइयां सुलझती भी गयीं। दोनों मियां-बीवी समय-समय पर उनकी इस अमूल्य भेंट की सराहना करते रहे।

पहले की ही तरह भारत जाने पर चंदा मामी से गाहे-बगाहे मिलना होता रहा, उनसे मिलने की ख़ुशी तो हमेशा ही होती थी पर धीरे-धीरे उनके स्वास्थ्य को ढलते हुए देखना मन को बहुत दुःख देता था। हमेशा से एक genetic बीमारी तो  परेशान कर ही रही थी पर शायद उनके हिस्से में ज़िन्दगी के रास्ते भी कुछ ज्यादा ही पथरीले आये थे। जब इस बार मानव का भारत जाना हुआ तो मान्या ने वही भगवान शिव की तस्वीर उसे एक कपडे में लपेटकर कर दी एक सन्देश के साथ – “ मामी, आपने कभी भगवान् शिव की इस तस्वीर में अपनी १४ साल की पूजा और भक्ति अर्पित करके हमें दी थी अपने आशीर्वाद के रूप में , आज मैं इस उम्मीद के साथ आपको ये वापस भेज रही हूँ कि शायद अब हमारी २० साल की पूजा और भक्ति, आपके आड़े वक़्त में आपका सम्बल बने।” जब मानव ने ये तस्वीर उन्हें दी तो सबसे पहले फ़ोन पर डाँट ही लगायी उन्होंने, “क्यों भेजी शिवजी की तस्वीर मुझे, अपने पास ही रखनी थी न।” और ऐसा कहते दोनों की ही आँखें नम थीं। “ अभी मत डाँटो, जल्दी से अच्छी हो जाओ आप , फिर मैं मिलने आऊं तब डाँट लेना।” मान्या ने प्यार से जवाब दिया।

बच्चों की छुट्टियां होते ही उसने भारत की टिकट करवा ली और सबसे पहले उनसे ही मिलने गई। इतने दिनों बाद मिलने के बाद भी दोनों के पास अब कुछ कहने-सुनने को बचा ही नहीं था। इसलिए वह चुपचाप उनके पैर सहलाती रही कि शायद उन्हें थोड़ा आराम आ जाए। बीच में एक बार अधखुली आँखों से उन्होंने देखा तो उसे ऐसा लगा कि उनकी जीवन से भरी आँखों की जीवन ज्योति अब बहुत धूमिल हो गई है और उसके मन में एक टीस सी उठी। शायद वर्षों के संघर्ष से थक कर उनकी जीवंतता ने बीमारी और परिस्थितियों, दोनों से हार मान ली थी। उनके असहनीय दर्द को देखकर मन ही मन मान्या ने भगवान से माँगा कि जो उनके लिए उचित हो वही करें और भारी मन से उनके पैर छूकर निकल आयी। फिर कुछ समय बाद , जिस बात का डर था, वही हुआ, वो सारे बंधन तोड़कर उस परमात्मा में विलीन हो गई जिसने उन जैसी शुद्ध आत्मा को रचा था।

समय तो अपनी गति से चलता ही रहता है और आज ना-ना करते हुए भी करीब ढाई महीने हो गए और दिवाली भी आ गई।  पूजा के लिए दीपक जलाते हुए दोनों मियाँ बीवी ने एक दूसरे को भरी आँखों से देखा और बिना कुछ कहे सुने , उन दोनों ने साथ मिलकर एक दीपक उस रौशनी के नाम का भी जलाया जिन्होंने इस घर को बहुत लम्बे समय तक अपने प्यार से सींचा था। खुद से एक वादा भी किया कि यथासंभव उनके अधूरे कामों को पूरा करेंगे और वही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी। इसके साथ ही सच्चे मन से यह दुआ भी की कि ईश्वर उन्हें मोक्ष ही प्रदान करे पर अगर नियति उन्हें जीवन मरण के बंधन में फिर से बाँधे तो वो जहाँ भी हों, खुश रहें, आबाद रहें , फले-फूलें और रौशन रहें, किसी भी दुःख की परछाईं उन्हें छू भी न पाए।

उनकी स्नेहिल याद ने इस बार उन्हें दिवाली की एक नई परिभाषा भी सिखाई। हर बार दिवाली रौशनी और पटाखे जलाने का ही नाम नहीं है बल्कि  कई बार दिवाली सिर्फ किसी की स्नेहिल याद में एक दीपक जलाना भी होता है। 

द्वारा : सोमा व्यास

Leave a Reply